प्रथम बार रिकॉर्ड की गई ब्लू व्हेल की धड़कन

वैज्ञानिकों ने पहली बार ब्लू व्हेल की हृदय की गति को रिकॉर्ड किया है। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने व्हेल की हृदयगति को रिकॉर्ड करने के लिए एक चार सक्शन कप लगी ऐसी डिवाइस बनाई, जिसके अंदर सेंसर फिट किया हुआ था। सक्शन कप की वजह से इस डिवाइस को कहीं भी चिपकाया जा सकता था। शोधकर्ताओं ने इस डिवाइस को व्हेल के बाएं पंख के पास लगा दिया। इस डिवाइस में फिट इलेक्ट्रोड के माध्यम से व्हेल की हृदय गति रिकॉर्ड की गई।



इस अध्ययन को 'पीएनएएस' जर्नल में प्रकाशित किया गया है। इसके प्रमुख लेखक और स्टैनफोर्ड के असिसटेंट प्रोफेसर जेरेमी गोल्डबोजन ने बताया, 'हमें इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह काम करेगा और जब हमने शुरुआती डाटा देखा था तब भी हमें संदेह था, लेकिन आखिर में लैब में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।'


डाटा से पता चलता है कि व्हेल के दिल में कुछ विशेष विशेषताएं होती हैं जो इन चरम माहौल पर व्हेल को रहने में मदद करती हैं। इस तरह के अध्ययन जीव विज्ञान के हमारे मौलिक ज्ञान को बढ़ाते हैं और इन दुर्लभ जानवरों के संरक्षण के तरीकों में भी नवीनता लाते हैं।' बताया कि ये विशाल जानवर विशेष रूप से अपने वातावरण में परिवर्तन के प्रति अतिसंवेदनशील हो सकते हैं। थोड़ा परिवर्तन भी उनके भोजन की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है। इसलिए इस प्रकार के अध्ययनों में ब्लू व्हेल जैसी लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण और प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। शोधकर्ताओं ने बताया कि छोटी और पालतू व्हेल में यह डिवाइस लगाना बेहद आसान होता है, लेकिन खुले समुद्र में बड़ी ब्लू व्हेल में यह डिवाइस लगाना बेहद ही कठिन काम था। उन्होंने बताया है कि ब्लू व्हेल प्रशिक्षित भी नही होत कि वो अपना पंख पलटे तो डिवाइस लगाई जा सके। इसके साथ ही व्हेल की त्वचा एकॉर्डियन (एक वाद्ययंत्र) जैसी होती है। जो फैलती और सिकुड़ती है, जिसकी वजह से उसमें डिवाइस को चिपकाना लगाना बहुत मुश्किल काम था।


बहुत धीमी होती है व्हेल की हृदय गति : शोधकर्ताओं ने बताया कि डिवाइस से मिला डाटा बहुत पेचीदा था। पहले यह अनुमान लगाया गया था कि ब्लू व्हेल की हृदय गति उच्चतम होती है, डाटा से मिलने परिणामों ने इस बात को नकार दिया। जबकि सबसे कम हृदय गति का जो अनुमान लगाया गया था व्हेल की हृदयगति उससे भी 30 से 40 फीसद कम निकली। गहराई में तैरने के दौरान व्हेल की हृदयगति मात्र चार से आठ बीट प्रति मिनट है। यदि व्हेल सतह पर तैरती है तो उसी हार्टबीट 25 से 37 बीट प्रति मिनट हो जाती है।