मुंबई। मंगलवार को प्रमुख भारतीय शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर जाने के बाद प्रॉफिट बुकिंग के चलते गिरावट के साथ बंद हुए। टेलीकॉम सेक्टर के शेयरों में प्रॉफिट बुकिंग से बाजार सर्वाधिक प्रभावित हुए। इस दौरान सेंसेक्स पहली बार 41 हजारी होकर लौटा और निफ्टी भी नई ऊंचाई तक जाने के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन के कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 67.93 अंक की गिरावट के साथ 40,821.30 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे के दौरान यह 41,120.28 के स्तर तक गया था। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 36.05 अंक की गिरावट के साथ 12,037.70 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में यह 12,132.45 तक गया था, जो इसका सर्वोच्च स्तर है।
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इस टेलीकॉम कंपनी के शेयर 4.34 परसेंट की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा टीसीएस और इन्फोसिस के शेयरों में 1.6 परसेंट तक की गिरावट दर्ज की गई। अन्य कंपनियों में एचसीएल, मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, पावर ग्रिड और सन फार्मा के शेयर भी लाल निशान पर बंद हुए।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक ट्रेड-डील को लेकर ग्लोबल स्तर पर देखे जा रहे उत्साह और घरेलू कंपनियों के प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद में शेयर बाजारों में तेजी दर्ज की गई। लेकिन महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक ड्रामा और जीडीपी ग्रोथ रेट कम रहने की आशंका के चलते निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग का रुख कर लिया।
बीएसई में टेलीकॉम सेक्टर के शेयर 4.39 परसेंट गिरे, जबकि टेक, आइटी, कैपिटल गुड्स, ऑटो, रियल्टी और पावर सेक्टर के शेयरों में 1.95 परसेंट तक की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई के मिड-कैप और स्माल-कैप स्टॉक्स में 0.79 परसेंट तक की गिरावट आई। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई और टोक्यो हरे निशान पर बंद हुए। वहीं हांगकांग और सियोल के शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई।